Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दिव्यांगजनों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून द्वारा रोहन शर्मा निवासी नेहरू कॉलोनी देहरादून और नीरजा गोयल निवासी ऋषिकेश को दिव्यांगजन आइकॉन नामित किया गया है। नामित आइकॉन रोहन शर्मा रेडियो जॉकी हैं और अपने संवाद एवं संचार कौशल के माध्यम से आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाएंगे। वहीं नीरजा गोयल दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक और प्रेरित करेंगी। दोनों आइकॉन आगामी विधानसभा निर्वाचन के दौरान जनपद के नागरिकों को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेंगे और उनके लिए सुलभ एवं समावेशी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने में जिला प्रशासन तथा समाज कल्याण विभाग का सहयोग करेंगे। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी दिव्यांग मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसके तहत मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं और सुगम मतदान व्यवस्था के प्रति भी दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। दिव्यांगजन भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाएगी। उन्होंने बताया कि शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *