प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में पहली बार संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए संस्कृत गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति संस्कृत भाषा और पारंपरिक कलाओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। 25 नवंबर को आयोजित यह प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर दो वर्गों में संपन्न हुई। जूनियर वर्ग में सेंट थेरेसा श्रीनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रेनबो पब्लिक स्कूल द्वितीय और सरस्वती विद्या मंदिर श्रीनगर तृतीय स्थान पर रहा। वहीं मार्शल पब्लिक स्कूल को उत्तम प्रतिभा पुरस्कार प्रदान किया गया। सीनियर वर्ग में भी सेंट थेरेसा श्रीनगर ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया जबकि आचार्य अमलानंद संस्कृत विद्यालय बलोडी तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने संस्कृत गीतों की धुन पर आकर्षक वेशभूषा भाव-भंगिमाओं और शानदार तालमेल के साथ प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से मंच पर उतारा गया। मेले में पहली बार संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से परिचित कराना तथा पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के परिणाम निर्णायक मंडल द्वारा घोषित किए गए।
