Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में सांस्कृतिक आयोजनों के साथ युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को भी विशेष मंच मिल रहा है। मेले के दौरान आयोजित की जा रही रील ऑफ द डे और फोटो ऑफ द डे प्रतियोगिता युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता के पहले तीन दिनों के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। बड़ी संख्या में युवा मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों रंगारंग प्रस्तुतियों आकर्षक झांकियों और विभिन्न गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद कर रचनात्मक अंदाज में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत 22 नवंबर को रील ऑफ द डे का खिताब किरण भट्ट डिमरी ने अपने नाम किया जबकि फोटो ऑफ द डे में सौरभ रमोला विजेता रहे। वहीं 23 नवंबर को रील ऑफ द डे का खिताब सौरभ रमोला को मिला जबकि फोटो ऑफ द डे में संजना नेगी ने बाजी मारी। इसी क्रम में 24 नवंबर को रील ऑफ द डे के विजेता अभि पडियार बने जबकि फोटो ऑफ द डे का खिताब सुमन नेगी चौधरी ने हासिल किया। महापौर आरती भंडारी की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को अपनी रचनात्मकता और डिजिटल प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही मेले की सांस्कृतिक विरासत परंपराओं और भव्यता को डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा अपनी फोटोग्राफी और वीडियो निर्माण की प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान और बैकुंठ चतुर्दशी मेले के यादगार पलों को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं बल्कि नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने और श्रीनगर की पहचान को आगे बढ़ाने का भी बड़ा मंच है। युवाओं की ऊर्जा रचनात्मक सोच और आधुनिक डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग मेले को नई पहचान दे रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे नवाचार आगे भी जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *