प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने पुलिस मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे स्पेशल एक्शन ड्राइव ऑपरेशन के अंतर्गत नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 7.22 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने सिडकुल बाईपास से कृष्ण कुंज जाने वाले रास्ते से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान सोनी पुत्र बिरमा निवासी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर थाना कोतवाली रानीपुर हरिद्वार उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 7.22 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह महदूद में किसी अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर नशा करने वाले लोगों को अधिक मुनाफे में बेचता है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
