प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपदभर में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में आयोजित स्व-जनगणना कार्यक्रम के दौरान डीएलएड प्रशिक्षुओं को स्व-जनगणना के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित प्रशिक्षुओं एवं प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान में भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। वहीं विकासखंड जखोली के बीडीसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इसके साथ ही जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्वीप कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं मतदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने विद्यालय के सेवित क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद में मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक राजकीय विद्यालय में भावी मतदाताओं के लिए निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन किया गया है। इन क्लबों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी सदस्य होते हैं। क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया मतदाता पंजीकरण मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया जाता है। साथ ही इनके सहयोग से विद्यालयों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी कड़ी में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों द्वारा स्वीप कार्यक्रम के तहत निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मतदान की महत्ता मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों निर्वाचन संबंधी जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। जनपद में संचालित इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक मतदान का संदेश पहुंचाना है ताकि आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बना सकें।
