Spread the love

प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 8.51 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद को नशामुक्त बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 की रात्रि को कोतवाली रुड़की पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और नशे के हॉटस्पॉट पर निगरानी कर रही थी। इस दौरान ढण्डेरा फाटक से लगभग 200 मीटर रुड़की की ओर सड़क किनारे एक पेड़ के पास खड़ा संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर घबराने लगा और अपनी जैकेट की जेब से कोई वस्तु निकालकर फेंकने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम रौनक उर्फ गोलू पुत्र अजय उर्फ बाबा निवासी गोल भट्टा मिलापनगर ढण्डेरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में मौजूद पारदर्शी पन्नी से अवैध स्मैक बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर स्मैक की मात्रा 8.51 ग्राम बिना पन्नी पाई गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इस कार्रवाई में सीआईयू टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह तथा कांस्टेबल नरेश जोशी कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल प्रदीप डंगवाल शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के अनुसार मामले में नशा तस्करी के सरगना की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *