Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक गायक किशन महिपाल के नाम रही। पहाड़ की माटी की खुशबू लोक संगीत की मधुर धुनों और पारंपरिक गीतों से सजी इस शाम में दर्शक देर रात तक झूमते रहे। जैसे ही किशन महिपाल ने मंच संभाला पूरा मेला परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय गीतों ने ऐसा समां बांधा कि युवा ही नहीं बल्कि महिलाएं और बुजुर्ग भी गीतों की धुन पर थिरकते नजर आए। किशन महिपाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों में फ्यूलाडिया घुघुति और जिया कोरी-कोरी सहित एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। गीतों की शुरुआत होते ही दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोकगीतों के माध्यम से उन्होंने उत्तराखंड की लोक परंपराओं पहाड़ी जनजीवन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक पेश की। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की इस सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को भी विशेष मंच प्रदान किया गया। महापौर आरती भंडारी के प्रयासों से स्थानीय कलाकारों और गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस दौरान गायक अमित खरे और लता तिवारी पांडेय ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। वहीं गायक रजनीकांत सेमवाल अनुराग कांत और रेखा उनियाल ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर सांस्कृतिक संध्या की रौनक बढ़ाई। स्थानीय कलाकारों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने से उनमें खासा उत्साह दिखाई दिया। मेले के मंच पर स्थानीय प्रतिभाओं और उत्तराखंड के स्थापित लोक कलाकारों का यह संगम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम के दौरान महापौर आरती भंडारी ने अतिथियों कलाकारों और बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है बल्कि हमारी लोक संस्कृति परंपराओं और सामाजिक एकता को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की लोक संस्कृति हमारी असली पहचान है। हमारे लोकगीतों में पहाड़ का जीवन प्रकृति परंपराएं रीति-रिवाज और पूर्वजों की विरासत समाहित है। लोक कलाकार अपनी कला के माध्यम से इस विरासत को जीवंत रखते हैं। इसलिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए बड़े मंच के रूप में विकसित किया जाए। विशेष रूप से स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना प्राथमिकता है ताकि श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोक कलाकार अपनी गायकी और कला के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। किशन महिपाल जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियां हमारी लोक विरासत को नई पहचान देती हैं। ऐसे कलाकारों का सम्मान और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना सभी का दायित्व है। कुल मिलाकर बैकुंठ चतुर्दशी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक संगीत स्थानीय प्रतिभाओं और पहाड़ी संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में यादगार रही। किशन महिपाल के लोकप्रिय गीतों की गूंज और स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों के बीच देर रात तक दर्शकों का उत्साह बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *