Spread the love

प्रदीप कुमार
जखोली-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड जखोली में प्रधान संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं एवं प्रधानों की लंबित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधान संगठन जखोली के ब्लॉक अध्यक्ष अजय पुंडीर ने बताया कि बैठक में प्रधानों ने प्रमुख रूप से 16वें वित्त एवं छठवें राज्य वित्त में बजट उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया। बजट के अभाव में ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। इसके साथ ही वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन लंबित होने तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। इन सभी समस्याओं के समाधान एवं ग्राम पंचायतों के अधिकारों की मांग को लेकर प्रधानों ने मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग को ज्ञापन सौंपा। प्रधानों ने पत्र एवं मोहर के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की। बैठक में प्रधानों ने कहा कि उनका उद्देश्य ग्राम पंचायतों को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराना प्रधानों को अधिकार दिलाना और ग्रामीण जनता को विकास का हक सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *