प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे दो सवार दो हेलमेट अभियान के तहत बुधवार 25 नवंबर 2026 को एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के नेतृत्व में कोटद्वार में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी सर्वेश पंवार स्वयं सड़क पर उतरे और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने झंडा चौक तीलू रौतेली चौक सहित प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर वाहन चालकों एवं आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ पीछे बैठने वाली सवारी की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान एसएसपी ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर पीछे बैठकर यात्रा कर रहे लोगों को हेलमेट की उपयोगिता और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में चोट लगने से होने वाले गंभीर परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने पीछे बैठने वाली सवारी को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही यात्रा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बिना हेलमेट यात्रा कर रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया। इस दौरान वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग नहीं करने शराब पीकर वाहन नहीं चलाने चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की गई। उन्होंने दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। साथ ही आमजन से यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और अपने आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
