Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपितों को 24.15 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में थाना मुनि की रेती और कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। थाना मुनि की रेती पुलिस ने 24 नवंबर 2026 की रात 8 बजकर 25 मिनट पर यात्री शेड भद्रकाली के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK14P1048 से स्मैक का परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान कुणाल कांगड़ा पुत्र नकुल निवासी गली नंबर 12 मीरा नगर बापू ग्राम ऋषिकेश देहरादून उम्र 20 वर्ष और अभि छिंद्रा पुत्र सूरज सिंह निवासी बापू ग्राम ऋषिकेश देहरादून उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। उनके कब्जे से 12.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 86 हजार 400 रुपये बताई गई है। वहीं कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 की रात 12 बजकर 10 मिनट पर चौकी प्लास्डा बैरियर पर चेकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK14L8903 से स्मैक का परिवहन कर रहे दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सार्थक असवाल पुत्र राजन असवाल निवासी खांड गांव भंडारी पैलेस निकट आरटीओ कार्यालय ऋषिकेश देहरादून उम्र 26 वर्ष और चेतन पवार पुत्र शोबन सिंह पवार निवासी वार्ड नंबर 9 शांतिनगर ढालवाला थाना मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई। इनके कब्जे से 11.27 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 38 हजार 100 रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में कुल 24.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है। गिरफ्तार चारों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। थाना मुनि की रेती की पुलिस टीम में चौकी प्रभारी कैलाश गेट उपनिरीक्षक प्रदीप रावत चौकी प्रभारी भद्रकाली उपनिरीक्षक राजेंद्र रावत हेड कांस्टेबल सुनील सैनी कांस्टेबल संदीप गिरी और कांस्टेबल सेवक शामिल रहे। वहीं कोतवाली नरेंद्रनगर की पुलिस टीम में चौकी प्रभारी प्लास्डा उपनिरीक्षक सत्येंद्र नेगी कांस्टेबल करण और एएनटीएफ के कांस्टेबल रविंद्र नेगी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *