प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड हिमालयन अल्टीमेट चैलेंज-2026 के अंतर्गत उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय माउंटेन टेरेन बाइक (एमटीबी) साइकिल रेस बुधवार सुबह टिहरी गढ़वाल के कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेस के प्रतिभागियों को रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और उप जिलाधिकारी टिहरी अजयवीर सिंह भी उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और पर्वतीय भूगोल के साथ साहसिक गतिविधियों के लिए अपार संभावनाओं वाला राज्य है। इस प्रकार के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से टिहरी जनपद को साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में विश्व पटल पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ जनपद की पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन को जनपद के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस दौरान साइकिल रेस में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों ने टिहरी झील और कोटी कॉलोनी के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने बताया कि झील के किनारे बिताए गए पल उनके लिए बेहद रोमांचकारी और यादगार रहे। पर्वतीय रास्तों और प्राकृतिक दृश्यों के साथ टिहरी झील के मनमोहक वातावरण ने इस साहसिक यात्रा को और भी विशेष बना दिया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि साइकिल रेस के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे हाइड्रेशन पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रतिभागियों के लिए पेयजल और सूक्ष्म जलपान के साथ पेय पदार्थ एवं रिफ्रेशमेंट की समुचित व्यवस्था की जा रही है ताकि लंबी और चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग कर रहे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता से इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा रहा है। कार्यक्रम में मनोज बिजल्वाण और नवीन नेगी के साथ दरमियां सिंह तथा उमेद सिंह राणा और दर्शन सिंह एवं गीता चौहान सहित आईटीबीपी के अधिकारी और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी प्रतिनिधि तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
