प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 14 से 28 नवंबर 2026 तक विभिन्न विद्यालयों में एक दिवसीय मॉक अभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अग्निशमन विभाग राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभियान के तहत विभागीय टीमें विद्यालयों में पहुंचकर भूकंप भूस्खलन अतिवृष्टि बादल फटने बाढ़ वनाग्नि और अग्निकांड जैसी प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के कारणों प्रभावों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली ड्रॉप कवर एवं होल्ड प्रक्रिया सुरक्षित स्थानों की पहचान और आपातकालीन निकासी मार्गों के बारे में भी बताया जा रहा है। अग्निशमन विभाग के कार्मिक आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों अग्निशमन उपकरणों के प्रकार और उनके सही उपयोग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके साथ ही विद्युत शॉर्ट सर्किट और गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी परिस्थितियों में बचाव के उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं एसडीआरएफ की टीम खोज एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया समझाने के साथ सुरक्षित निकासी घायलों को प्राथमिक उपचार देने रस्सियों के माध्यम से बचाव कार्य करने और विभिन्न बचाव उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन कर रही है। विद्यार्थियों को आपदा के दौरान घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेने तथा बचाव कार्यों में प्रशिक्षित टीमों का सहयोग करने की जानकारी दी जा रही है। विद्यालयों में आयोजित मॉक अभ्यास के दौरान आपातकालीन स्थिति की परिकल्पना कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार कक्षाओं एवं विद्यालय भवन से सुरक्षित बाहर निकलने और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित होने का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं आपातकालीन निकासी मार्गों और सुरक्षित स्थानों की जानकारी भी दी जा रही है। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराहट से बचने अनुशासन बनाए रखने अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन एवं बचाव दलों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। विद्यार्थी विभागीय कार्मिकों से आपदा प्रबंधन अग्नि सुरक्षा और खोज एवं बचाव से जुड़े विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में आपदा प्रबंधन की संस्कृति विकसित करना और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सुरक्षित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना है। 28 नवंबर तक संचालित होने वाले इन कार्यक्रमों से सुरक्षित विद्यालय व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
