प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत टिहरी जनपद में आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 10 स्थानों पर मॉक ड्रिल होगी। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में एसडीआरएफ वन विभाग अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों ने अपने उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर उपकरणों और विभागीय तैयारियों की जानकारी ली। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को आपदा के दौरान उपयोग होने वाले उपकरणों बचाव कार्यों और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके बाद कलक्ट्रेट सभागार में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें जनपद स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे जबकि शासन स्तर के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। अभ्यास के दौरान मॉक ड्रिल के सफल संचालन विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की है। इसी क्रम में सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जा रही हैं और 28 नवंबर को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल होगी। जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने बताया कि टिहरी जनपद में अभ्यास के लिए 10 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें तहसील घनसाली के मुख्य बाजार में भूकंप से भवन क्षति और जखन्याली में बादल फटने की घटना को शामिल किया गया है। तहसील नरेंद्रनगर के बगड़धार में भूस्खलन तथा तहसील नैनबाग के स्वास्थ्य केंद्र में भूकंप से क्षति का परिदृश्य तैयार किया गया है। तहसील धनोल्टी में सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी और घोड़ा बाजार के समीप पाले के कारण वाहन फिसलने की घटना का अभ्यास होगा। इसके अलावा टिहरी बांध से अतिरिक्त जल निकासी के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका तहसील कंडीसौड़ में वनाग्नि तहसील जाखणीधार के सरस्वती विद्या मंदिर भवन में भूकंप से क्षति और तहसील देवप्रयाग के बगेश्वर में रेल विकास निगम की निर्माणाधीन टनल का हिस्सा ढहने की घटना को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश जिला विकास अधिकारी मो.असलम जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
