Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज माणा घिंघराण और राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना मंडल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके बताए। टीम ने प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की उपयोगिता और उनके सही इस्तेमाल की जानकारी देने के साथ फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर में लीकेज होने पर बरती जाने वाली सावधानियों गैस रिसाव से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वनाग्नि के कारणों उससे होने वाले नुकसान और वनाग्नि की रोकथाम में आमजन की भूमिका के बारे में भी समझाया गया। टीम ने बताया कि चमोली जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई गांव सड़क मार्ग से दूर स्थित हैं जहां अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसे में आग लगने की शुरुआती स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित उपयोग कर आग को फैलने से रोकना और समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना देना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को किसी भी अग्नि दुर्घटना या आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने सुरक्षित स्थान पर जाने और तत्काल आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई। फायर सर्विस चमोली की ओर से बताया गया कि आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि सतर्कता और जागरूकता के माध्यम से आग की घटनाओं में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। कार्यक्रम में लीडिंग फायरमैन मदन सिंह और फायरमैन मनीष पंत संतोष कंडेरी एवं भरत कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *