प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों और अभिलेखों की जांच की तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने पहुंचे पेंशनर से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा प्रकरणों की अद्यतन जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों को लंबित पेंशन प्रकरणों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका बायोमेट्रिक उपस्थिति रिपोर्ट पेंशन संबंधी पत्रावलियों कार्य आवंटन पत्रावली प्राप्ति एवं प्रेषण पंजिका पीपीओ प्राप्ति पंजिका पेंशन भुगतान पंजिका और पेंशन प्रकरणों की आपत्ति पंजिका सहित अन्य वित्तीय अभिलेखों की जांच की गई। पेंशन संबंधी पत्रावलियों का उचित रख-रखाव नहीं होने तथा फाइलों का सूचीकरण एवं लेबलिंग व्यवस्थित नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कार्मिकों की व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखे जाने पर आपत्ति जताई और ऐसी पत्रावलियों को संबंधित विभागों को वापस सौंपने को कहा। जिलाधिकारी ने पेंशन प्रकरणों की नियमित निगरानी के लिए माहवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें प्रत्येक माह प्राप्त पेंशन प्रकरणों की संख्या आपत्तियों वाले मामलों तथा लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों का स्पष्ट विवरण दर्ज करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग अथवा कोषागार स्तर पर बिना उचित कारण प्रकरण लंबित रखने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेंशनरों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान पेंशन अनुभाग अभिलेख कक्ष और स्टोर रूम सहित अन्य कक्षों का भी जायजा लिया गया। अभिलेख कक्ष में पत्रावलियां और फाइलें व्यवस्थित नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने समस्त अभिलेखों का उचित वर्गीकरण कर सूचीकरण एवं लेबलिंग के साथ सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं स्टोर रूम में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सामान को नियमानुसार निष्प्रयोज्य घोषित कर नीलामी की कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज पांडे कोषाधिकारी अंजलि भारती और मुख्य वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
