प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत आयोजित श्रीनगर के सितारे प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिता में अग्रियां भट्ट आरना और दिव्यांशी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं गायन प्रतियोगिता में आर्निका कुंजवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अर्णव कुंजवाल दूसरे और श्रेया पंडवाल तीसरे स्थान पर रहीं। नन्हे गायकों ने अपनी मधुर आवाज और प्रस्तुतियों से दर्शकों की सराहना हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। अभिभावकों और दर्शकों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
