प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकास भवन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार के प्रत्येक निर्णय में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। बाल विवाह से महिलाओं के अधिकार प्रभावित होने के साथ उनके विरुद्ध हिंसा की घटनाओं में भी वृद्धि होती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज डॉ. सिमरनजीत कौर ने आमजन से बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी को सजग रहना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ितों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्ध है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा स्वास्थ्य और भविष्य के लिए नुकसानदायक है। बच्चों को उनका बचपन सुरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा और बाल विवाह रोकने की सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष ने समिति की कार्यशैली और विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बाल विवाह रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान विनीता मेहता नीलम और प्रतिभा ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में बाल विवाह विषय पर आधारित दो लघु फिल्में भी दिखाई गईं। अभियान के अंतर्गत सभी विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और इनमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही बाल विवाह रोके जाने के बाद बालिकाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि बाल विवाह से बचाई गई बालिकाओं को सुरक्षित और बेहतर जीवन के लिए निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। सीडब्ल्यूसी और संबंधित विभागों ने चाइल्ड हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं सेवाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर सिद्धांत रोहित विनिता विक्रांत ज्ञानेंद्र और मीनाक्षी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष रावत ने किया।
