प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। एमकेपी पीजी कॉलेज देहरादून के हिंदी विभाग एवं चित्रकला विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के सहयोग से भारतीय ज्ञान परंपरा के सतत हिमालय की ओर सामाजिक राजनीतिक पर्यावरणीय एवं जैव विविधता की चुनौतियों पर विमर्श विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में शिक्षाविदों प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.ममता सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिमालय केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक सामाजिक आध्यात्मिक और पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। हिमालय की नदियां वन वनस्पतियां और जैव विविधता हमारे जीवन एवं सभ्यता से गहराई से जुड़ी हैं। उन्होंने पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समन्वय से हिमालय संरक्षण के लिए ठोस प्रयासों की आवश्यकता बताई। संगोष्ठी संयोजिका डॉ.अलका मोहन ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों और दोनों दिवसों में आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों की जानकारी दी। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर के कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालय के पारिस्थितिक महत्व के संबंध पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिमालय का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं बल्कि सामाजिक न्याय सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा है। विशिष्ट अतिथि देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाएं भूस्खलन अतिवृष्टि और अन्य पर्यावरणीय चुनौतियां गंभीर विषय हैं। इनके समाधान के लिए प्रशासन शिक्षण संस्थानों स्थानीय समुदायों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रो.एमएस पंवार ने प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता प्रो.मोहन सिंह चौहान ने हिमालय के जल संसाधनों और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां देश के विशाल भूभाग को ताजा जल उपलब्ध कराती हैं और अनेक सभ्यताओं के विकास का आधार रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकज्ञान में नदियों वनों और वृक्षों के संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। स्थानीय समुदायों का पारंपरिक ज्ञान वन संरक्षण जल संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। हिमालय में पाई जाने वाली औषधीय वनस्पतियां पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और जैविक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने लोकज्ञान के वैज्ञानिक अध्ययन और दस्तावेजीकरण पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के अनुभवों और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से हिमालयी पारिस्थितिकी की चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजा जा सकता है। अध्यक्षीय विचार व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं जलवायु परिवर्तन अनियोजित निर्माण और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने वाली विकास अवधारणा अपनाने पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र के अंत में डॉ.पूनम ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी के तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता डॉ.हरिओम शंकर ने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालयी पर्यावरण के अंतर्संबंधों पर विचार रखते हुए पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ने की आवश्यकता बताई। सत्र की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो.डॉ.सुधा रानी पांडेय ने की। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति मानव और जीव-जगत के परस्पर संबंधों को रेखांकित करते हुए हिमालय की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। तृतीय सत्र में हिमांशु दरमोडा ने हिमालयी प्रदेशों के लोक संगीत पर व्याख्यान दिया जबकि सपना कुनियाल ने उत्तराखंड की लोककला और आर्थिक परिदृश्य पर शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ.रीता तिवारी ने की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों वक्ताओं प्राचार्या डॉ.ममता सिंह संगोष्ठी संयोजिका डॉ.अलका मोहन आयोजन से जुड़े विभागों शिक्षकों शोधार्थियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ.पुनीत सैनी डॉ.शालिनी उनियाल डॉ.एल्वीदास डॉ.मीनाक्षी शर्मा डॉ.नीतू त्रिपाठी डॉ.मुकेश बाला डॉ.सविता अग्रवाल डॉ. कृतिका चमोली डॉ.अनुदिता चमोली डॉ.अनुराधा गुसाईं डॉ.रजनी डॉ.शारदा शिवानी रावत शुभांगी सोनाली नेगी आनंदिता पलाक्षी और सौम्या रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संगोष्ठी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालयी क्षेत्र की सामाजिक राजनीतिक पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संबंधी चुनौतियों पर सार्थक विमर्श का मंच प्रदान किया।
