प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन एसआरटी परिसर बादशाही थौल टिहरी द्वारा नई टिहरी स्थित बहुउद्देशीय भवन के बैडमिंटन हॉल में किया गया। प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने पुरुष टीम चैंपियनशिप अपने नाम की जबकि पुरुष एकल वर्ग में श्रीनगर परिसर के प्रेरित ममगाईं चैंपियन बने। महिला एकल वर्ग का फाइनल मुकाबला स्मृति तिवारी और आस्था बोरा के बीच खेला गया। इसमें आस्था बोरा ने लगातार दो सेट 15-13 और 15-10 से जीतकर एकल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष टीम वर्ग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला परिसर श्रीनगर और डीबीएस कॉलेज देहरादून के बीच खेला गया। इसमें श्रीनगर परिसर ने 15-12 और 15-13 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने एसजीआरआर पीजी कॉलेज देहरादून को 15-12 और 15-13 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून और श्रीनगर परिसर के बीच खेला जा रहा था लेकिन इसी दौरान श्रीनगर के एक खिलाड़ी को अचानक चोट लग गई। इसके चलते डीएवी देहरादून को वॉकओवर मिलने के कारण पुरुष टीम चैंपियनशिप डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के नाम घोषित की गई। पुरुष एकल वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीएवी देहरादून के आकाश सजवान ने डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून के कार्तिक कुमार को 15-13 और 15-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में श्रीनगर परिसर के प्रेरित ममगाईं ने टिहरी परिसर के राजीव कुमार को 15-12 और 15-10 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। देर रात तक चले पुरुष एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रेरित ममगाईं और आकाश सजवान के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। इसमें प्रेरित ममगाईं ने आकाश सजवान को 15-14 और 15-10 से हराकर एकल चैंपियनशिप अपने नाम की। दोनों खिलाड़ियों के शानदार आक्रामक और रक्षात्मक खेल के साथ बेहतरीन शॉट्स पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। इस अवसर पर पौड़ी परिसर से पहुंचे सुभाष भट्ट ने दोनों खिलाड़ियों को 500-500 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। परिसर टिहरी के खेल विभागाध्यक्ष एवं प्रतियोगिता के आयोजक सचिव प्रोफेसर केसी पेटवाल ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों और अतिथियों के साथ आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि महिला नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए पांच सदस्यीय टीम का चयन किया गया है। इसमें स्मृति तिवारी डीएवी कॉलेज देहरादून आस्था बोरा राठ विद्यालय पैठाणी मानसी कोठारी एसआरटी परिसर टिहरी वाडिका बधानी और अनु प्रेरणा डीबीएस कॉलेज देहरादून शामिल हैं। यह महिला टीम महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक हरियाणा में आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। पुरुष वर्ग में छह सदस्यीय टीम का चयन किया गया है। इसमें प्रेरित ममगाईं परिसर श्रीनगर आकाश सजवान और कार्तिक कुमार डीएवी कॉलेज देहरादून राजीव कुमार परिसर बादशाही थौल टिहरी सचिन कुमार और मानस तिवारी डीबीएस देहरादून शामिल हैं। आयोजक सचिव प्रोफेसर केसी पेटवाल ने बताया कि महिला बैडमिंटन टीम महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक तथा पुरुष टीम जालंधर में आयोजित होने वाली उत्तरी क्षेत्र की नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रोफेसर सुबोध कुमार शर्मा प्रोफेसर यूएस नेगी विभागाध्यक्ष गणित प्रोफेसर शंकर लाल वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय से आए डॉ.मोहित बिष्ट दिनेश रावत डॉ.आशुतोष सिंह डॉ.हंसराज बिष्ट डॉ.वंदना डोभाल संदीप रावत भगत सिंह चौहान रवि नेगी दिनेश ममगाईं और अजय नेगी उपस्थित रहे। इसके अलावा निर्णायक मंडल के सदस्य अमित सरियाल राजीव पेटवाल पारस राणा राजेश रावत जयपाल राणा अंश बिष्ट और सिद्धार्थ लामा भी मौजूद रहे। उनियाल प्रतिष्ठान से सुनील उनियाल अमित नैथानी रचेंद्र भंडारी सुभाष भट्ट और विकास सहित महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।
