Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तहसील कोटद्वार के एवीएन स्कूल हल्दूखाता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बोक्सा जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर के दौरान राजस्व विभाग की ओर से 39 स्थायी निवास प्रमाण पत्र और पांच जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमालयन जनजातीय समिति की अध्यक्ष प्रभा देवी ने की। शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी संदीप कुमार पार्षद जेपी बहुखंडी और पार्षद मनीष नैथानी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए जनजातीय समाज के गौरव योगदान और उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं। राजस्व विभाग के माध्यम से 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए जबकि डाक विभाग की ओर से आधार कार्ड बनाने और आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के माध्यम से बोक्सा जनजाति के लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं ताकि उन्हें इन सुविधाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और जनजातीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान बोक्सा समुदाय की ओर से दीपा देवी उषा देवी और महेंद्र सिंह सहित समुदाय के अनेक लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जल जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा तथा जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका साहस संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने के साथ उनके सम्मान अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। कार्यक्रम में प्रशिक्षु उपजिलाधिकारी काजल सैनी सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह पाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *