प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई प्रभावी बनाने और न्यायालयों से प्राप्त गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में धुमाकोट पुलिस ने 81 किलो 630 ग्राम गांजे की बरामदगी से जुड़े मामले में वांछित आरोपी जगत सिंह निवासी थलीसैंण को वारंट-बी के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 को तलब कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी का रिमांड स्वीकृत करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला गांजे के परिवहन से संबंधित है जिसमें जगत सिंह को गांजा विक्रेता और वांछित आरोपी के रूप में चिह्नित किया गया था। प्रकरण में फरार अन्य वांछित आरोपियों के विरुद्ध भी न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से प्राप्त वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
