Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अस्पताल में आग लगने की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में मरीजों एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार 18 नवंबर 2026 को फायर सर्विस कोटद्वार की टीम ने बेस अस्पताल कोटद्वार में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान फायर सर्विस कर्मियों ने अस्पताल के समस्त स्टाफ को अग्नि सुरक्षा एवं अग्निशमन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया। टीम ने आग लगने की संभावित परिस्थितियों और अग्नि दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई के बारे में भी बताया। फायर सर्विस कर्मियों ने अस्पताल कर्मचारियों को एबीसी और सीओटू सहित विभिन्न प्रकार के अग्निशामन यंत्रों की पहचान और उनकी उपयोगिता समझाई। इसके अलावा आग की प्रकृति के अनुसार अग्निशामन यंत्रों के सही इस्तेमाल की प्रक्रिया की जानकारी दी। अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को आपातकालीन निकास मार्गों को बाधारहित रखने और विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया। टीम ने आग लगने की स्थिति में मरीजों और अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रिया की भी जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई के लिए जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *