प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण और पंजीकरण तथा संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन के संबंध में शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मिशन के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य देश की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना और उसका दस्तावेजीकरण एवं डिजिटाइजेशन कर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना तथा इस ज्ञान को आमजन के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों के साथ आश्रमों एवं मठों तथा गुरुद्वारों सहित अन्य संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री का समयबद्ध सर्वेक्षण और पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी व्यक्ति और धार्मिक संस्था तथा स्वयंसेवी संगठन अथवा शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां और हस्तलिखित ग्रंथ या अन्य दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी हरिद्वार के कार्यालय में उपलब्ध कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त जनपद के खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है ताकि उपलब्ध पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग कर उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय और उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय तथा श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय एवं शिक्षा विभाग और नगर निगम सहित अन्य संबंधित संस्थानों से मिशन के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान करें और उनकी जानकारी संकलित करें। बैठक में अवगत कराया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को सदस्य नामित किया गया है। यह समिति जनपद में उपलब्ध पांडुलिपियों के सर्वेक्षण और सत्यापन तथा संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी आमजन और धार्मिक संस्थान तथा स्वयंसेवी संस्था एवं शिक्षण संस्थान अथवा आश्रम और मठ या सामाजिक संगठन के पास प्राचीन पांडुलिपियां और हस्तलिखित ग्रंथ अथवा दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही हमारी प्राचीन ज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने ज्ञान भारत मिशन के उद्देश्यों और कार्ययोजना तथा क्रियान्वयन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों एवं आश्रमों तथा मठों और अन्य संस्थाओं में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान कर उनका सर्वेक्षण एवं पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा। बैठक में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के शोध अधिकारी डॉ.हरीश चंद्र गुरानी और श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ.रविंद्र कुमार तथा पतंजलि विश्वविद्यालय से डॉ.स्वाति आर्य एवं उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश कुमार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव दाऊ देवगण तथा श्रीराम सोनपे एवं उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद और पूर्णिमा बिष्ट तथा जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
