प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने शादी का झांसा देकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कोतवाली रुड़की क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र निवासी शक्ति विहार कॉलोनी पाडली गुर्जर कोतवाली गंगनहर जनपद हरिद्वार ने उसे शादी का झांसा देकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 21 नवंबर 2026 को रुड़की बस अड्डे से आरोपित धर्मेंद्र को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा आरोपित के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी और हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता शामिल रहे।
