प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बालिकाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग टिहरी गढ़वाल की ओर से गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक गंभीर कानूनी अपराध है जो बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विभाग की ओर से संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान और नंदा गौरा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस अवसर पर मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट रजनी लखेड़ा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को बाल विवाह न करने और इसके विरुद्ध आवाज उठाने के साथ ही समाज में जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बाल विकास विभाग से नवीन पंवार केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य मोनिका बजाज विद्यालय के समस्त अध्यापकगण कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्राचार्य मोनिका बजाज ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से इन जानकारियों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
