प्रदीप कुमार
खाड़ी-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी टिहरी गढ़वाल में डिजिटल जनगणना एवं स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया उसके महत्व तथा स्व-गणना प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। तहसील नरेंद्रनगर से पहुंचे प्रशिक्षक सुनील डंगवाल ने विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने उपयोगकर्ता नाम बनाने पोर्टल पर प्रवेश करने और आवश्यक जानकारियां दर्ज करते हुए स्व-गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से बताया। साथ ही पूरी प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया ताकि विद्यार्थी स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकें। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में डिजिटल जनगणना के महत्व और इसके विभिन्न लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल सुविधाजनक एवं प्रभावी बन सकती है। इससे आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। डॉ. मीनाक्षी ने विद्यार्थियों को स्व-गणना के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल जनगणना के दौरान अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक और सही तरीके से दर्ज करना आवश्यक है। उन्होंने डेटा की गोपनीयता एवं सुरक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी से बचने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने चाहिए। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. इरा सिंह डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी डॉ. शनावर सहित कार्यालय के समस्त सदस्य शामिल रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उन्हें स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
