Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस एवं महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों मौलिक अधिकारों कानूनी सहायता तथा महिलाओं के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है जो प्रत्येक नागरिक को समानता स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों और मौलिक कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए विधिक सेवा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनके उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता और समानता की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए स्वयं जागरूक रहने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता में खुशबू भट्ट ने प्रथम शिवम नेगी ने द्वितीय तथा निशांत गोदियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में सुरभि थपलियाल प्रथम रहीं। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत विधि विभागाध्यक्ष रामप्रकाश सहायक प्राध्यापक पंकज कार्की सोना धंगार सहित विधि विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *