Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में आपदा प्रबंधन एवं त्वरित राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के निर्देशों पर आयोजित इस अभ्यास में दो अलग-अलग स्थानों पर वनाग्नि और भूकंप से उत्पन्न आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस फायर सर्विस एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पहला अभ्यास खांकरा क्षेत्र में सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर किया गया। सूचना दी गई कि जंगल में लगी आग आबादी की ओर फैल रही है। इस पर कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस चौकी जवाड़ी पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। रतूड़ा से फायर सर्विस की टीम तथा पुलिस बल संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने आपसी समन्वय से आग पर काबू पाने तथा उसे आबादी की ओर फैलने से रोकने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान संबंधित थाना पुलिस ने आग पर पूरी तरह काबू पाने और किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की जानकारी दी। दूसरा अभ्यास भटवाड़ी सैंण क्षेत्र में भूकंप और वाहन दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति को लेकर किया गया। इसमें अचानक भूकंप आने के बाद भूस्खलन की चपेट में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमें चार लोगों के सवार होने की सूचना दी गई। इस पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। संबंधित पुलिस बल एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। दोनों स्थानों पर पुलिस फायर सर्विस एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमों ने आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करते हुए मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न कराई। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय त्वरित सूचना आदान-प्रदान संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की तत्परता का परीक्षण किया गया। पूरी मॉक ड्रिल का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अवनी तिवारी ने किया। इस दौरान अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अगस्त्यमुनि गुमान सिंह और अग्निशमन अधिकारी शंकर रमोला अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *