Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सिविल सेवा निःशुल्क कोचिंग योजना की कक्षा का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर कुलपति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन अनुशासन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे प्रशासनिक सेवाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। योजना के नोडल अधिकारी प्रो. एमएम सेमवाल ने कक्षा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जनवरी माह से ही कक्षा को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं से युक्त कक्षा तैयार की गई है। उन्होंने योजना के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ओपी गुसाईं बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. एचबीएस चौहान वित्त अधिकारी डॉ. अजय मोहंती सहित विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के शिक्षकगण और सिविल सेवा निःशुल्क कोचिंग योजना से जुड़े सभी सुविधाकर्मी भी मौजूद रहे। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकें निःशुल्क वाई-फाई सुविधा पुस्तकालय सुविधा परिवहन के लिए निःशुल्क बस सेवा नियमित मॉक टेस्ट तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप मार्गदर्शन सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना और उन्हें सिविल सेवाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि यह पहल उत्तराखंड के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *