Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व उसकी मूल भावना लोकतांत्रिक आदर्शों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक अधिकारी कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरि भजन सिंह चौहान छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओपी गुसाईं क्षेत्राधिकारी सदर/पौड़ी दिव्येश उपाध्याय तथा वित्त अधिकारी डॉ.अजय कुमार मोहंती विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के संयोजक एवं डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के संयोजक प्रो.मदन मोहन सेमवाल ने स्वागत संबोधन में भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसके मूलभूत आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं है बल्कि यह भारत की राजनीतिक सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को दिशा देने वाला आधारभूत दस्तावेज है। संविधान में निहित न्याय स्वतंत्रता समानता और बंधुत्व के मूल्य भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों को केवल पढ़ना और समझना पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें दैनिक जीवन व्यवहार और सामाजिक आचरण में अपनाना भी आवश्यक है। कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह के नेतृत्व में अतिथियों शिक्षकगण एवं अन्य प्रतिभागियों ने प्रस्तावना का वाचन किया तथा संप्रभुता समाजवाद पंथनिरपेक्षता लोकतंत्र गणराज्य न्याय स्वतंत्रता समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने संविधान की भावना को जीवन में आत्मसात करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसमें निहित आदर्श न्यायपूर्ण समानतापूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने बच्चों के जीवन में माता-पिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि परिवार व्यक्ति के व्यक्तित्व संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के निर्माण की पहली पाठशाला है। शिक्षण संस्थानों की भी जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना सामाजिक उत्तरदायित्व अनुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करें। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करने का आह्वान किया। क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव उसके सकारात्मक उपयोग और दुरुपयोग से उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित सूचनाओं को बिना सत्यापन स्वीकार नहीं करने और भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों से सावधान रहने को कहा। उन्होंने परीक्षा के दबाव और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में धैर्य बनाए रखने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी व्यक्तिगत यात्रा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को नशे जैसी हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रहने और शिक्षकों माता-पिता एवं बुजुर्गों के प्रति सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओपी गुसाईं ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया संविधान सभा की भूमिका तथा संविधान निर्माण में डॉ.भीमराव आंबेडकर के योगदान पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विभिन्न सामाजिक राजनीतिक एवं ऐतिहासिक परिस्थितियों के गहन अध्ययन और विचार-विमर्श का परिणाम है। उन्होंने विभिन्न देशों के संविधानों एवं राजनीतिक व्यवस्थाओं के अध्ययन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि संविधान के प्रावधानों के साथ उनके पीछे निहित सामाजिक न्याय समानता और लोकतांत्रिक भावना को समझना भी आवश्यक है। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरि भजन सिंह चौहान ने संविधान दिवस के महत्व और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने पर बल दिया। कार्यक्रम में संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक व्यक्तित्वों संविधान सभा के योगदान और डॉ.राजेंद्र प्रसाद की भूमिका पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की विविधता को एक सूत्र में बांधने सामाजिक सद्भाव स्थापित करने तथा सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संविधान की सार्थकता तभी है जब उसके आदर्श समाज के प्रत्येक व्यक्ति के व्यवहार एवं जीवन में दिखाई दें। इस अवसर पर प्रो.डीएस नेगी डॉ.रोहित मेहर डॉ. कविता भट्ट डॉ.वीर सिंह डॉ.प्रकाश सिंह डॉ.मुकेश सहाय और डॉ.शैलेंद्र चमोला सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के शिक्षकगण विश्वविद्यालय के अधिकारी कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ.अरविंद सिंह रावत ने किया। अंत में डॉ.प्रकाश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथियों विश्वविद्यालय प्रशासन आयोजन समिति शिक्षकगण एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र के प्रति संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय ने संदेश दिया कि संविधान केवल विधिक दस्तावेज नहीं बल्कि राष्ट्र की लोकतांत्रिक चेतना सामाजिक न्याय समानता और राष्ट्रीय एकता का आधार है। संविधान के आदर्शों को व्यवहार में अपनाकर ही जागरूक जिम्मेदार समतामूलक एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *