Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों तहसीलों उपजिलाधिकारी कार्यालयों और ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को संविधान की मूल भावना संवैधानिक मूल्यों मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। संविधान दिवस का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। उन्होंने सभी को संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने तथा उनका पालन करने का संकल्प दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य आमजन में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संवैधानिक मूल्यों मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता स्वतंत्रता न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने तथा जनसेवा के दौरान समानता निष्पक्षता और न्याय के सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *