Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को पुलिस कार्यालय टिहरी गढ़वाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई। उपस्थित सभी पुलिस कार्मिकों ने न्याय स्वतंत्रता समता एवं बंधुता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसी क्रम में जनपद के समस्त थानों फायर सर्विस और पुलिस लाइन चंबा में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए उसके प्रति निष्ठा एवं संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के महत्व उसकी मूल भावना तथा देश के प्रत्येक नागरिक के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस कार्मिकों को संविधान की गरिमा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा के साथ करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना तथा कानून का शासन बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी का महत्वपूर्ण दायित्व है। पुलिस का प्रत्येक कार्य संविधान की भावना विधि के प्रावधानों एवं आमजन के अधिकारों के अनुरूप होना चाहिए। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखने नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *