Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में आयोजित ‘श्रीनगर के सितारे’ टैलेंट हंट प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने गायन एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पर आयोजित सीनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिता में सुप्रिया चमोली ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘श्रीनगर के सितारे’ का खिताब अपने नाम किया। इशिका सुन्द्रियाल द्वितीय और आयुष चंद्र तृतीय स्थान पर रहे। वहीं गायन प्रतियोगिता में जयश्री भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सूर्य प्रकाश द्वितीय और युक्ति चौधरी तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिता में अग्रिया भट्ट ने प्रथम स्थान हासिल कर जूनियर वर्ग की ‘श्रीनगर के सितारे’ बनने का गौरव प्राप्त किया। आरना खत्री द्वितीय और दिव्यांशी भंडारी तृतीय स्थान पर रहीं। गायन प्रतियोगिता में अर्निका कुंजवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अर्णव कुंजवाल द्वितीय और श्रेया पंडवाल तृतीय स्थान पर रहीं। महापौर आरती भंडारी ने सभी विजेताओं प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘श्रीनगर के सितारे’ प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है जहां से वे अपनी कला की चमक पूरे देश और दुनिया में बिखेर सकें। श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि जीत और हार किसी भी प्रतियोगिता का हिस्सा हैं लेकिन इस मंच तक पहुंचना और हजारों लोगों के सामने अपनी कला का प्रदर्शन करना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। बच्चों और युवाओं की मेहनत लगन आत्मविश्वास और जुनून ही उन्हें भविष्य का असली सितारा बनाएगा। महापौर ने प्रतियोगिता को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी निर्णायकों का भी आभार व्यक्त किया। ‘श्रीनगर के सितारे’ प्रतियोगिता के माध्यम से बैकुंठ चतुर्दशी मेले में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला। बच्चों और युवाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रीनगर में मौजूद गायन और नृत्य की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *