प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को चमोली पुलिस की ओर से पुलिस कार्यालय पुलिस लाइन गोपेश्वर एवं जनपद के समस्त थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस लाइन में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने पुलिसकर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित मूल्यों आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्र की एकता अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों स्वतंत्रता समानता और न्याय के संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं है बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार स्तंभ है। संविधान में निहित न्याय स्वतंत्रता समानता और बंधुता के आदर्शों की रक्षा करना सभी का दायित्व है। पुलिस बल का प्रत्येक सदस्य इन संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाते हुए जनता की सेवा सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहे। पुलिसकर्मियों को पूर्ण निष्ठा ईमानदारी अनुशासन कर्तव्यपरायणता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के प्रति निष्पक्ष एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।
