प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ युवाओं की डिजिटल प्रतिभा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के दौरान आयोजित ‘रील ऑफ द डे’ एवं ‘फोटो ऑफ द डे’ प्रतियोगिता में युवा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत 25 नवंबर को रील ऑफ द डे का खिताब सुमन नेगी चौधरी ने अपने नाम किया जबकि फोटो ऑफ द डे प्रतियोगिता में योगेश प्रसाद विजेता बने। महापौर आरती भंडारी ने दोनों विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महापौर की इस पहल से युवाओं को अपनी रचनात्मक सोच फोटोग्राफी और वीडियो निर्माण की प्रतिभा प्रदर्शित करने का विशेष अवसर मिल रहा है। युवा मेले की सांस्कृतिक संध्याओं लोकगीत-संगीत आकर्षक झांकियों धार्मिक परंपराओं और विभिन्न गतिविधियों को अपनी रील एवं तस्वीरों के माध्यम से सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इससे बैकुंठ चतुर्दशी मेले की भव्यता और श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान को डिजिटल मंच पर व्यापक प्रचार-प्रसार मिल रहा है। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि युवाओं में अपार प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता है। आधुनिक डिजिटल माध्यम अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही संस्कृति परंपराओं और स्थानीय पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। इसी सोच के साथ मेले में रील ऑफ द डे और फोटो ऑफ द डे प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है ताकि युवाओं को प्रोत्साहन के साथ सकारात्मक मंच मिल सके। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से मेले को नई ऊर्जा और आधुनिक पहचान मिल रही है।
