प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नई शिक्षा नीति के क्रम में व्यावसायिक पर्यटन शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र में तीन दिवसीय ‘इंडस्ट्री एक्सपर्ट लेक्चर सीरीज’ शुरू हुई। इस व्याख्यान श्रृंखला के माध्यम से पर्यटन के विद्यार्थियों को उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव और पर्यटन क्षेत्र की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलेगा। श्रृंखला में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन उद्योग में 20 वर्ष से अधिक का अनुभव रखने वाले सीनियर ट्रैवल एंड टूरिज्म प्रोफेशनल हरीश सुंदरियाल व्याख्यान दे रहे हैं। केंद्र में विद्यार्थियों को सर्विस ऑपरेशन प्रोडक्शन तथा डेस्टिनेशन प्रबंधन जैसे विषयों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। हरीश सुंदरियाल प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उन्हें 20 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय टूर कार्यक्रम आयोजित करने का अनुभव है। उनके व्याख्यानों के माध्यम से विद्यार्थी पर्यटन उद्योग की वास्तविक चुनौतियों कार्यप्रणाली और वैश्विक अवसरों को समझ रहे हैं। केंद्र के निदेशक प्रोफेसर राकेश ड्योढ़ी ने व्याख्यान श्रृंखला का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि सैद्धांतिक अध्ययन के साथ पर्यटन उद्योग के लिए आवश्यक आधुनिक पर्यटन प्रारूपों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा में ‘प्रोफेसर इन प्रैक्टिस’ जैसे विशेषज्ञों के व्याख्यान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस लेक्चर सीरीज से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उद्योग की जमीनी समझ भी मिलेगी जिससे वे भविष्य में पर्यटन क्षेत्र में बेहतर करियर के लिए तैयार हो सकेंगे।
