Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ जिला पौड़ी गढ़वाल की ओर से बार एसोसिएशन के बार भवन श्रीनगर में जिला स्तरीय अधिवक्ता गोष्ठी आयोजित की गई। प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी प्रदेश संयोजक विधि प्रकोष्ठ नीरज पांडे तथा प्रदेश सह-संयोजक अनिल कुकरेती के मार्गदर्शन में आयोजित इस गोष्ठी का विषय ‘संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण में राष्ट्रवादी अधिवक्ताओं की भूमिका’ रहा। इसमें जिलेभर के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र पाल सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गोष्ठी का संयोजन जिला विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी के नेतृत्व में किया गया जबकि जिला सह-संयोजक विकास पंत ने संचालन किया। जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं है बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और सांस्कृतिक मूल्यों की आत्मा है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सुलभ न्याय दिलाने और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा करने में अधिवक्ताओं को अग्रिम भूमिका निभानी होगी। बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा और विस्तृत लिखित संविधान है जो प्रत्येक नागरिक के अधिकारों कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि संविधान की बारीकियों को समझकर समाज के हर वर्ग तक न्याय पहुंचाना और संवैधानिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना अधिवक्ता समाज का प्रमुख दायित्व है। वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र पाल सिंह रावत ने कहा कि भारतीय संविधान जीवंत और समावेशी दस्तावेज है। राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े अधिवक्ताओं का नैतिक दायित्व है कि वे न्यायालयों के भीतर और बाहर संवैधानिक नैतिकता एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। जिला सह-संयोजक विकास पंत ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाए जाने के दौर में अधिवक्ता वर्ग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्हें तथ्यों और कानून के माध्यम से समाज को सही दिशा दिखानी चाहिए। जिला सह-संयोजक प्रदीप मैठाणी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय स्वतंत्रता समानता और बंधुत्व के आदर्शों को राष्ट्र की नींव बताते हुए कहा कि इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही संविधान दिवस की वास्तविक सार्थकता है। अधिवक्ता नितेश भारती ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करना भी आवश्यक है। राष्ट्र निर्माण को गति तभी मिलेगी जब नागरिक अपने अधिकारों की मांग के साथ राष्ट्र के प्रति संवैधानिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी जिला सह-संयोजक विकास पंत बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी जिला सह-संयोजक प्रदीप मैठाणी पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे बलवीर सिंह रौतेला सुरेंद्र सिंह रौथाण राजेश जैन आनंद सिंह बुटोला ब्रह्मानंद भट्ट सुबोध भट्ट गौरव उपाध्याय प्रेरणा काला कुलदीप दानू एवं परमानंद मैठाणी सहित जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया तथा सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *