Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला पंचायत सभागार गोपेश्वर में ‘हमारा राज्य हमारा कानून’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपदीय अभियोजन निदेशालय चमोली के तत्वावधान में कार्यशाला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज विंध्याचल सिंह एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला जज विंध्याचल सिंह ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों को संविधान की मूल भावना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतांत्रिक गणराज्य के संचालन का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को समझते हुए उनका पालन करना चाहिए। इस अवसर पर जिला जज ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने संविधान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देते हुए रैली निकाली। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल बार संघ अध्यक्ष भरत सिंह रावत और सहायक निदेशक अभियोजन विपुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *