प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में जनवरी से अक्टूबर तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया। इसमें दुर्घटनाओं का माहवार क्षेत्रवार थानावार वाहनवार समयवार कारणवार एवं मार्गवार विश्लेषण किया गया। बैठक में 17 नवंबर को गुलर में हुई सड़क दुर्घटना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि इंडियन रोड कांग्रेस की गाइडलाइंस के अनुरूप अधिकृत एवं प्रमाणित रोड सेफ्टी कंसल्टेंट के माध्यम से मुनि की रेती से कीर्तिनगर तक सड़क का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए ताकि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी तीव्र मार्गों पर शीघ्र रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत किए जा रहे कार्यों की प्रगति और अनुपालन रिपोर्ट आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। बैठक में बीआरओ की ओर से सड़क मार्गों पर किए जा रहे पैचवर्क और रम्बल स्ट्रिप निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनपद में क्रैश बैरियर स्थापित करने के कार्यों की प्रगति तथा परिवहन विभाग की ओर से नई सड़कों के संबंध में किए गए निरीक्षण एवं अनुमोदन की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। सूचना विभाग की ओर से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल एवं परिवहन सहायता योजना यानी पीएम राहत योजना के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने आरटीओ और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनपद में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं वाहन चलाते समय चालक का ध्यान भटकने और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई हैं। क्षेत्रवार विश्लेषण में देवप्रयाग क्षेत्र में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की ओर से दुर्घटना कारक अभियोगों में की गई कार्रवाई का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। बैठक में एडीएम शैलेंद्र नेगी एसडीएम धनौल्टी अंशुल मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश सीओ टिहरी चंद्र मोहन अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी अधिशासी अभियंता राजेंद्र टम्टा परिवहन विभाग से ज्योति शंकर मिश्रा और राजेंद्र विराटिया आईआरएडी से रवींद्र चौहान पीएमजीएसवाई से अविनाश सैनी तथा बीआरओ से एसएस रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
