प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति (डीएलआरसी) की त्रैमासिक बैठक गुरुवार को जिला सभागार में परियोजना निदेशक आनंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के ऋण जमा अनुपात (सीडी रेश्यो) में सुधार लाने और सरकारी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। परियोजना निदेशक ने सभी बैंक अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप जिले का सीडी रेश्यो 40 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत विभागों से बैंकों को भेजे गए ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही कृषि लघु उद्योग एवं अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण बढ़ाने तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल बनाने पर भी जोर दिया। बैठक में पीएम स्वनिधि पीएमईजीपी पीएम मुद्रा योजना स्पेशल कम्पोनेंट प्लान मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना होम-स्टे योजना एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान बैंकर्स और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ डीडीएम नाबार्ड श्रयांस जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक और रेखीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
