Spread the love

प्रदीप कुमार
ऊखीमठ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में नवनियुक्त निरीक्षक अजय सिंह ने कोतवाली ऊखीमठ का कार्यभार ग्रहण करने के बाद 26 नवंबर को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों टैक्सी चालकों एवं वाहन स्वामियों प्रेस प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गृह सचिव उत्तराखंड शासन जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित बैठक में उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना एवं संवैधानिक मूल्यों के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उत्तराखंड समान नागरिक संहिता अधिनियम-2024 उत्तराखंड उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम-1950 संशोधन अधिनियम-2025 यानी भू-कानून उत्तराखंड सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम-2024 उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं नियंत्रण अधिनियम-2023 यानी नकल विरोधी कानून उत्तराखंड अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान अधिनियम-2025 उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता कानून यानी धर्मांतरण कानून तथा उत्तराखंड देवभूमि परिवार अधिनियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों एवं उद्देश्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों से भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया। इस दौरान क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर चर्चा की गई। आमजन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और आपसी संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने यातायात प्रबंधन और अपराधों की रोकथाम में पुलिस को आवश्यक सहयोग दें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का भी आग्रह किया गया। इसके साथ ही आमजन से पुलिस से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा करने तथा उनके निराकरण में आपसी समन्वय बनाए रखने की बात कही गई। पुलिस की ओर से भी जनहित एवं जनसुरक्षा से जुड़े प्रत्येक विषय पर आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *