प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे का सेनानायक आईआरबी द्वितीय के पद पर स्थानांतरण होने पर 26 नवंबर को पुलिस लाइन चंबा में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन चंबा में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्वेता चौबे के साथ जनपद में कार्य करने के अनुभव साझा किए। सभी ने उनके कुशल नेतृत्व प्रभावी कार्यशैली अनुशासनप्रियता संवेदनशील दृष्टिकोण एवं पुलिस बल के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करते हुए उन्हें अनेक महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए जो उनके व्यावसायिक जीवन में सदैव उपयोगी रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान श्वेता चौबे ने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ जनकल्याण और आमजन के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें अपने अधिकारों सुरक्षा उपायों एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के सभी थानों में टीम गौरा का गठन किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने और उनकी सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष प्रयास किए गए। वहीं वरिष्ठ नागरिकों एवं विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा कुशलक्षेम एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान संचालित किया गया। इसके अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को जानने और आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। श्वेता चौबे के कार्यकाल के दौरान टिहरी गढ़वाल पुलिस ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उनके कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा-2026 को बेहतर पुलिस प्रबंधन यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों के साथ सकुशल संपन्न कराया गया। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। निहंग प्रकरण का संवेदनशीलता एवं सूझबूझ के साथ निस्तारण किया गया। इस प्रकरण में परिस्थितियों की गंभीरता को समझते हुए धैर्य विवेक एवं प्रभावी पुलिस प्रबंधन का परिचय दिया गया। इसके अलावा कार्यकाल के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न संवेदनशील प्रकरणों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी गई। विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी नई टिहरी चंद्रमोहन सिंह क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी संजीवा कुमार प्रतिसार निरीक्षक अमित कुमार सहित पुलिस कार्यालय में नियुक्त समस्त प्रभारी तथा पुलिस लाइन चंबा में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने श्वेता चौबे को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
