Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत आयोजित गढ़-कुमाऊं कार्यक्रम में पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पारंपरिक पहनावे और रीति-रिवाजों के रंग देखने को मिले। विभिन्न पारंपरिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं महापौर आरती भंडारी और उनके पति एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।

महापौर आरती भंडारी और लखपत सिंह भंडारी ने पारंपरिक पहाड़ी परिधान में मंच पर पहुंचकर अपनी अनूठी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। महापौर पहाड़ी वेशभूषा में नजर आईं जबकि लखपत सिंह भंडारी टल्ले लगे पारंपरिक पजामे में पुराने पहाड़ की तस्वीर को जीवंत करते दिखाई दिए। उन्होंने पुराने समय में गांवों के लोगों के रहन-सहन और पहनावे की झलक भी प्रस्तुत की। इसके बाद दोनों ने पहाड़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। उनकी यह प्रस्तुति प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थी बल्कि अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं के प्रति जुड़ाव की अभिव्यक्ति रही। इस प्रस्तुति के माध्यम से पुरानी और नई पीढ़ी के बीच सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित प्यारी लाड़ी प्रतियोगिता में वैष्णवी और अनुभूति नौटियाल विजेता रहीं। वहीं प्यारू लाडू प्रतियोगिता में एकमात्र पुरुष प्रतिभागी नैतिक पुंडीर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

द्वी झणा प्रतियोगिता में अनूप बहुगुणा एवं रुचि बहुगुणा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह स्वाणू नौनू प्रतियोगिता में हिमांशु विजेता रहे जबकि सुंदर वेदवाल एवं वंश सिंह उपविजेता बने। स्वाणी नौनी प्रतियोगिता में अंजलि सिंह ने प्रथम और दीक्षा डिमरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल एवं छवि अग्रवाल मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में फिल्म निर्माता स्वर्गीय घनानंद के पुत्र प्रशांत गढ़वाली गढ़वाली अभिनेता संजय सिलोड़ी और रनवे मॉडल शेखर काला शामिल रहे। नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति भाषा और परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलता है। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी समृद्ध लोक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण मंच भी है। गढ़-कुमाऊं जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति लोकभाषा और रीति-रिवाजों को प्रोत्साहन मिलता है। नगर निगम का प्रयास है कि मेले के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *