Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मासिक जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित और निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की प्रगति तथा संचालन संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गंगा को प्रदूषण से बचाने और जनजागरूकता बढ़ाने के साथ एसटीपी प्लांट की स्थापना एवं सीवर नेटवर्क के विस्तार के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान और जल निगम के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वार्डवार सीवर लाइन की स्थिति तथा सीवर लाइन से जुड़े घरों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी डिवीजनों के अंतर्गत होटलों को जारी किए गए नोटिस और पारित आदेशों की प्रतियां तथा उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद में सीवर लाइन की वर्तमान स्थिति और सीवर नेटवर्क से भवनों के हाउस कनेक्शन तथा शेष भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से संबंधित दो प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण और अनुपालन की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मासिक रिपोर्ट के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में संचालित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए हैं। बैठक में बताया गया कि एनजीटी के आदेशों के क्रम में तपोवन क्षेत्र में एसटीपी प्लांट स्थापित नहीं किए जाने के संबंध में 38 होटलों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं नरेंद्रनगर में निर्माणाधीन दो एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। गंगा वाटिका के समीप ढालवाला मुनि की रेती में प्रस्तावित 300 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से जताई जा रही आपत्ति पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय लोगों से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर में स्थापित 500 केएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट के संचालन और उसके सकारात्मक अनुभवों को स्थानीय लोगों के साथ साझा किया जाए। आमजन को प्लांट की उपयोगिता और पर्यावरणीय लाभ के साथ गंगा को प्रदूषित होने से बचाने में इसकी भूमिका तथा आधुनिक तकनीक के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने संवाद के माध्यम से स्थानीय लोगों की शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी तथा जिला परियोजना अधिकारी अरुण सहित गंगा समिति से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *