प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के नगर पालिका परिषद मुनि की रेती एवं नगर पंचायत तपोवन क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय मुनि की रेती में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति और प्रगति की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर तीन एवं चार दिसंबर 2026 तक सभी कार्यों की ड्रॉइंग और अलाइनमेंट फाइनल करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। बैठक में जल संस्थान ने अवगत कराया कि खारा स्रोत से इंटर कॉलेज तक लगभग 900 मीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है जबकि 800 मीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शेष है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने बताया कि आगामी समय में राष्ट्रीय राजमार्ग की पूर्ण रूप से मरम्मत और सुधार कार्य किया जाना प्रस्तावित है। वहीं यूपीसीएल ने जानकारी दी कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने का कार्य परियोजना के तहत पहले से संचालित है। इसी क्रम में जल निगम ने पुलिस चौकी से लक्ष्मणझूला तक लगभग 1250 मीटर व्यावसायिक जल पाइपलाइन बिछाए जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जल संस्थान जल निगम लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग यूपीसीएल और नगर पालिका मुनि की रेती को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रस्तावित कार्यों की ड्रॉइंग एवं ले-आउट प्रस्तुत करते हुए आपसी समन्वय से अलाइनमेंट निर्धारित करें। सभी विभाग समन्वय स्थापित कर अंतिम कार्ययोजना तैयार करें और निर्माण कार्यों की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के कार्य पूरे होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सड़क पर सीसी निर्माण कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण से पहले सभी विभाग अपनी आवश्यक पाइपलाइन विद्युत लाइन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कर लें। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार भविष्य की जरूरतों को देखते हुए डमी पाइपलाइन भी डाली जा सकती हैं ताकि सड़क निर्माण के बाद दोबारा सड़क खोदने की आवश्यकता न पड़े। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के बाद किसी भी विभाग को सड़क खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को कड़े निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में आपसी समन्वय के साथ कार्यों की अलाइनमेंट और कार्ययोजना को अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या कार्यों में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होने पर संबंधित विभाग की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही कार्ययोजना में निर्धारित अलाइनमेंट से विचलन होने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध जुर्माने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को तीन एवं चार दिसंबर 2026 को आपसी समन्वय के साथ बैठक कर सभी कार्यों की ड्रॉइंग अलाइनमेंट और अंतिम कार्ययोजना अनिवार्य रूप से फाइनल करने के निर्देश दिए।
