प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक कलाकारों के नाम रही। कार्यक्रम में बच्छणस्यूं मंडाण एवं हिमालय सांस्कृतिक समिति रुद्रप्रयाग के कलाकारों ने पौराणिक प्रसंग द्रौपदी स्वयंवर का शानदार पारंपरिक नाट्य मंचन कर दर्शकों को महाभारत काल की यादों से रूबरू कराया। वहीं लोक गायकों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को गढ़वाली गीतों पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। पांचवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत ने किया। इस अवसर पर लोकगायिका मीना राणा और श्रीनगर की बेटी अंजली खरे सहित लोकगायक सौरभ मैठाणी विवेक नौटियाल श्रीनगर के बेटे अमित सागर और अंजू नेगी ने एक से बढ़कर एक गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपने लोकप्रिय गीतों के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं के साथ प्रेम तथा जनजीवन के विभिन्न रंगों को जीवंत किया। खासकर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं और जमकर नृत्य किया। पूरे आयोजन स्थल पर पहाड़ी संगीत और लोक संस्कृति का उत्साह देखने को मिला। इससे पूर्व बच्छणस्यूं मंडाण एवं हिमालय सांस्कृतिक समिति रुद्रप्रयाग के कलाकारों ने द्रौपदी स्वयंवर का आकर्षक पारंपरिक नाट्य मंचन किया। कलाकारों ने अपने अभिनय और प्रस्तुति के माध्यम से पौराणिक प्रसंग को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समिति के अध्यक्ष अंकित रावत सहित सभी कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। समिति की ओर से उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण और पारंपरिक नाट्य विधाओं को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि इस वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी मेले में नगर निगम की ओर से उत्तराखंड के लोक कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं को विशेष रूप से मंच देने का प्रयास किया गया है। पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति हमारी पहचान है और इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाली गीतों में जीवन के हर रंग और हर भावना के साथ पहाड़ के जनजीवन की झलक मिलती है। गीतकारों और संगीतकारों की रचनाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती हैं। महापौर ने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है बल्कि स्थानीय कलाकारों को पहचान और अवसर देना पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी कलाकारों और सांस्कृतिक दलों के साथ दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के उत्साह और सहयोग से ही मेले की सांस्कृतिक पहचान और अधिक मजबूत हो रही है। पांचवीं सांस्कृतिक संध्या ने एक बार फिर साबित किया कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और व्यापारिक आयोजन नहीं है बल्कि गढ़वाल की लोक संस्कृति कला संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को साझा मंच देने वाला महत्वपूर्ण उत्सव भी है।
