Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 18.65 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में चमोली पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त को राजस्थान की जेल से वारंट-बी के माध्यम से तलब कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय से अभियुक्त का न्यायिक अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक चमोली अमित श्रीवास्तव के निर्देशानुसार और क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र राणा के पर्यवेक्षण में 27 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक दिनेश सिंह पंवार ने यह कार्रवाई की। कोतवाली कर्णप्रयाग में दर्ज साइबर ठगी के मामले की विवेचना में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने वादी को दौलत कैपिटल के नाम पर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। अभियुक्तों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से वादी से कुल 18 लाख 65 हजार रुपये का लेनदेन करवाकर धोखाधड़ी की। विवेचना के दौरान आशीष मीणा उर्फ लक्की पुत्र स्वर्गीय कमलेश मीणा निवासी सूर्य लालपुरा थाना मेंहदवास जनपद टोंक राजस्थान और हाल निवासी न्यू कृष्णा कॉलोनी पीली तलाई थाना सदर जनपद टोंक राजस्थान की संलिप्तता सामने आई। अभियुक्त ने वादी को फोन कर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के माध्यम से मुनाफा कमाने का लालच दिया था और शुरुआती निवेश के नाम पर धनराशि ट्रांसफर करवाई थी। अभियुक्त को अगस्त 2026 में राजस्थान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था और वह वर्तमान में जिला कारागार टोंक राजस्थान में निरुद्ध था। चमोली पुलिस ने मामले में उसके विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर न्यायालय से वारंट-बी प्राप्त किया और उसे राजस्थान जेल से तलब कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना में अब तक कुल दो अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आ चुकी है और दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त एमआरएम पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में उपलब्ध धनराशि को होल्ड करवाने की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस के प्रयासों से पीड़ित को ठगी गई धनराशि वापस मिलने की उम्मीद जगी है। मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल उपनिरीक्षक दिनेश सिंह पंवार और महिला कांस्टेबल नितिका शामिल रहे। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति फोन कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले निवेश संबंधी प्रस्तावों का सत्यापन किए बिना धनराशि ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *