Spread the love

श्रीनगर नगर निगम ने गौवंश को निराश्रित छोड़ने वालों के खिलाफ शुरू की कार्यवाही

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।नगर निगम श्रीनगर द्वारा नगर आयुक्त नूपुर वर्मा के निर्देशन में वृहद स्तर पर निराश्रित गौवंशों को सार्वजनिक सड़कों पर छोड़ने वाले गौपालकों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है।उक्त अभियान में ऐसे गौपालक, जो कि अपने गौवंश को सड़क पर छोड़ देते हैं,उन पर चालानी कार्यवाही के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही किये जाने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण में अभियान के अन्तर्गत 5 लोगों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गयी,जिसमें सुन्दर प्रकाश निवासी ग्राम सरणा,दौलत सिंह निवासी ग्राम रेवडी बिछली,गीता देवी निवासी ग्राम जाख,पंचम लाल निवासी ग्राम गरसारी एवं सुधा देवी निवासी ग्राम कठूड के विरूद्ध अपने गौवंशों को निराश्रित सड़क पर छोड़े जाने पर चालानी कार्यवाही अमल में लायी गयी एवं उन्हें नोटिस दिया गया कि अपने गौवंश को नगर निगम,श्रीनगर से प्राप्त कर अपने संरक्षण में रखना सुनिश्चित करें,अन्यथा नगर निगम द्वारा उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार के अभियान नगर निगम के स्तर से चलाये जायेंगे एवं कोई भी गौपालक अपने गौवंशों को सड़क पर निराश्रित छोड़ता है तो उसके विरूद्ध भारी जुर्माना के साथ-साथ कठोर से कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी,जिसकी समस्त जिम्मेदारी उक्त व्यक्ति की ही होगी। उक्त अभियान को सफल बनाये जाने हेतु पशुपालन विभाग का भी पूर्ण सहयोग लिया जा रहा है,जिसमें गौवंश पर गले टैगों के माध्यम से डाटा प्राप्त करते हुए सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।नगर निगम मेयर आरती भंडारी द्वारा निराश्रित गौवंश के उत्थान हेतु नगर निगम को आवश्यक कार्यवाही करते हुए गौवंश का संरक्षण करने के निर्देश दिये गए,साथ ही गौवंश को निराश्रित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। उनके द्वारा ऐसे व्यक्ति जो भविष्य में गौवंश को निराश्रित करेंगे,के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इस प्रकार के अभियान चलाये जाने का उद्देश्य मानव एवं पशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। गौपालकों से नगर निगम द्वारा अपील की जाती है कि गौवंश को जिम्मेदारी से पालें,उन्हें सड़क पर नहीं छोड़ें,ताकि सुरक्षित सड़क परिवहन और पशु कल्याण सुनिश्चित हो सकें,अन्यथा की दशा में सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp