उत्तराखंड बोर्ड ने तय तिथि से पहले जारी किया रिजल्ट शिक्षा मंत्री ने दी बधाई और सराहा समर्पण
प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम तय तिथि से पहले सफलतापूर्वक घोषित कर एक अहम उपलब्धि हासिल की है।राज्य में उत्तराखंड बोर्ड ने सबसे पहले परीक्षा परिणाम जारी कर शिक्षा व्यवस्था की चुस्ती का परिचय दिया। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने परिषद के अधिकारियों,कर्मचारियों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 83.23% छात्र सफल रहे। इसमें बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.20 और बालकों का 80.10 प्रतिशत रहा। वहीं हाईस्कूल का परिणाम 90.77% रहा,जिसमें बालिकाओं की सफलता दर 93.25% और बालकों की 88.20% रही। मंत्री ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ये परिणाम बालिकाओं की शिक्षा में बढ़ते कदम और सभी छात्रों की मेहनत का परिचायक हैं।
