प्रदीप कुमार
नई टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना नई टिहरी क्षेत्र के ग्राम कोटी खास जाखणीधार में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी पुत्र अजय सजवाण को पुलिस ने घने जंगल में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में लगातार अपने ठिकाने बदलकर छिप रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीमों ने लगातार तलाशी और निगरानी के बाद बुधवार शाम आरोपी को जंगल क्षेत्र से दबोच लिया। ग्राम कोटी खास जाखणीधार निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण द्वारा हत्या किए जाने के मामले में मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर थाना नई टिहरी पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही सघन तलाशी और कॉम्बिंग अभियान चलाया। पुलिस की विवेचना एवं लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। इसके बाद पुलिस टीमों ने जंगल क्षेत्र में लगातार निगरानी और सघन कॉम्बिंग शुरू की। कठिन पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगल के बावजूद पुलिसकर्मियों ने लगातार खोजबीन जारी रखी। पुलिस के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप 26 अगस्त 2026 को शाम करीब पांच बजे आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के निकट जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगातार चलाए गए कॉम्बिंग एवं सघन तलाशी अभियान के चलते पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक ऐश्वर्या पाल एसएसआई पवन डिमरी उप निरीक्षक शांति प्रसाद चमोली हेड कांस्टेबल सुनील हेड कांस्टेबल मुकेश हेड कांस्टेबल अरविन्द सेमवाल कांस्टेबल अभिनव गुसाईं कांस्टेबल कुलदीप तथा होमगार्ड शेर सिंह शामिल रहे।
